कार टच हुई तो वकीलों पर भीड़ का हमला, दो घायल

शाहजहांपुर। कार से घर जा रहे पांच वकीलों पर भीड़ ने हमला कर दिया। इसमें दो वकीलों घायल हो गए। उनको मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इस घटना से वकीलों में आक्रोश है।
तिलहर के गांव त्रिलोकपुर निवासी अमित शर्मा शाहजहांपुर में प्रैक्टिस करते हैं। जैसा कि बताया गया कि वह शाम छह बजे कार से अन्य पांच साथी वकीलों के साथ तिलहर के लिए निकले। सुभाष नगर इलाके में उनकी कार एक बाइक से टच हो गई। मोटरसाइकिल पर पुरुष के साथ एक महिला भी बैठी थी। लोगों का कहना है कि वह गिर गए, उनके चोट आई। भीड़ जुट गई तो गरमागरमी होने लगी। इसी बीच कुछ लोगों ने वकीलों पर हमला कर दिया। कुछ लोगों ने बचाव भी किया, लेकिन तब तक अमित व अवनीश शर्मा घायल हो गए।
तभी किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस आ गई। उधर और वकील भी आ गए। बार संघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे अजय वर्मा अन्य साथी वकीलों के साथ पहुँचे। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया। बताते हैं पुलिस उक्त महिला का भी डॉक्टरी मुआयना कराने मेडिकल कॉलेज लाई। इस घटना से वकीलों में रोष है। गुरुवार को वकील पुलिस अधिकारी से मिलेंगे।