बंगलूरू। पुलिस ने जेडीएस के पूर्व विधायक डी फूल सिंह चव्हाण की पत्नी सुनीता चव्हाण की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर शनिवार को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के भाई को गिरफ्तार कर लिया। बसवेश्वरनगर पुलिस ने गोपाल जोशी और विजयत्नक्ष्मी जोशी नामक महिला के खिलाफ बृहस्पतिवार रात मामला दर्ज किया था। गोपाल के बेटे अजय जोशी को भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है।
सुनीता चव्हाण का आरोप है कि मई में लोकसभा चुनाव में उनके परिवार के सदस्य को भाजपा का टिकट देने के नाम पर उनसे दो करोड़ रुपये ठगे गए थे। विजयलक्ष्मी को उनसे प्रह्लाद जोशी की बहन के रूप में मिलवाया गया था। हालांकि, संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्री प्रहलाद जोशी ने स्पष्ट किया है कि उनकी कोई बहन नहीं है। मंत्री यह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि वह तीन दशक से भी अधिक समय पहले अपने भाई से नाता तोड़ चुके हैं।