यूपी के बुलंदशहर में बड़ा हादसा हो गया। जान बचाने के लिए जो सिलेंडर लगाया गया, वही मौत का सामान बन गया।
बताया जाता है कि आशापुरी कालोनी निवासी रियाजुद्दीन की पत्नी रुकसाना को सांस लेने में दिक्कत की वजह से ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया जा रहा था। परिवार के लोग खुद ही सिलेंडर सेट कर रहे थे, तभी सिलेंडर फट गया। हादसे के समय मकान में 19 लोग मौजूद थे। घायल अवस्था में आठ लोगो को अस्पताल भेजा गया। इनमें छह की मौत हो गई। बाकी को बचा लिया गया। मृतकों में रियाजुद्दीन, रुकसाना, आस मोहम्मद, सलमान, तमन्ना, हिफजा हैं। इस घटना से सभी गमगीन हैं।