बजरंग सेना के मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मारा छापा
मौके से लड़की भागी, युवक और धंधा कराने के आरोपी मकान मालिक को दबोचा
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मढ़ई चौक पर एक घर में देह व्यापार का धंधा पकड़ा गया। बजरंग सेना के मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को देख एक लड़की मौके से भाग गई। पुलिस ने लड़की को लेकर आने वाले मकान मालिक और एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है।
शहर की घनी बस्ती मढ़ई चौक के एक घर के अंदर काफी समय से देह व्यापार चल रहा था। मकान मालिक शहर के अलावा बाहर से भी धंधे के लिए लड़कियां बुलाता था। शहर और आसपास से ग्राहक बुलाए जाते थे। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बजरंग सेना के मंडल अध्यक्ष विशाल ठाकुर को इस धंधे की सूचना मिली।
इस पर विशाल ठाकुर पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने पर एक लड़की घर से निकल कर भाग गई। घर में मौजूद दो युवकों ने भी भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इनमें एक मकान मालिक श्यामनारायण है, जबकि दूसरा युवक अब्बास खान निवासी जामा मस्जिद थाना सदर कोतवाली है। पुलिस दोनों आरोपियों को कोतवाली ले गई है।
घर के दरवाजे पर बने हैं धार्मिक चिह्न, छत पर लगा है धार्मिक झण्डा
जिस घर में देह व्यापार का धंधा चल रहा था उसके दरवाजे पर धार्मिक चिह्न बने हैं। छत पर धार्मिक झण्डा भी लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद आसपास के लोगों का कहना है कि इस घर में ज्यादातर दूसरे समुदाय के युवक बुलाए जाते थे और उन्हें मनपसंद लड़कियां मुहैया कराई जाती थीं। इस संबंध में कोतवाल राकेश कुमार सिंह का कहना है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।