पुलिस लाइंस में अत्याधुनिक शस्त्रों, उपकरणों का प्रदर्शन


शाहजहांपुर। पुलिस स्मृति दिवस और राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया मनाया। इस दौरान पुलिस लाइंस में डायल 112 और वायरलेस यूनिट के अत्याधुनिक शस्त्रों और उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य युवाओं में पुलिस के कार्यों और उनकी सेवा के प्रति जागरूकता फैलाना था। विद्यार्थियों ने पुलिस की तकनीकी और कार्यशैली के बारे में जानकारी लेकर उनके कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। सीओ ट्रैफिक/लाइन ज्योति यादव ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और सेवा करना भी है। उन्होंने पुलिस विभाग में तकनीकी सशक्तिकरण और आधुनिक उपकरणों की उपयोगिता पर जोर दिया, जिससे आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता संभव हो सके।
सीओ ज्योति यादव ने विद्यार्थियों को पुलिस के प्रति जागरूकता और सम्मान का भाव रखने के लिए प्रेरित किया और कहा कि युवा पीढ़ी को देश की सुरक्षा और सेवा के प्रति सजग और जिम्मेदार बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि डायल 112 जैसी सेवाएँ पुलिस और जनता के बीच आपसी सहयोग को मजबूत बनाती हैं। उनके अनुसार, इस तरह की प्रदर्शनी से युवाओं को पुलिस के कामकाज और चुनौतियों को समझने का मौका मिलता है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन बाथम ने इस तरह की प्रदर्शनी के आयोजन के लिए पुलिस विभाग का धन्यवाद किया। कहा कि इससे नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं, को पुलिस के कार्यों और उपकरणों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं को पुलिस का सहयोग करने और कानून का पालन करने का संदेश दिया, जिससे समाज में एकता और सुरक्षित वातावरण स्थापित हो सके। इस मौके पर आल सैंट्स स्कूल की प्रधानाचार्या साक्षी रस्तोगी, ट्रैफिक इस्पेक्टर बाल किशन यादव, ऑल सेंट्स स्कूल, वीडीएफ पब्लिक स्कूल, कर्नल एकेडमी, सिंधिया स्कूल के छात्र – छात्राएं उपस्थित रहे।