शासन की स्वीकृति के बाद दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने किया लोकार्पण
बदायूं। जिले की सीमा से होकर गुजर रहे हैं मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे का अब बदायूं के लोगों को दोहरा लाभ मिलेगा। एक्सप्रेस वे का लूप इंटरचेंज दातागंज के वीरमपुर गांव पर बना दिया गया है। एक इंटरचेंज बदायूं-बरेली मार्ग पर घटपुरी के पास बना है। वीरमपुर में बने इंटरचेंज का शनिवार को दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने लोकार्पण किया।
वीरमपुर के पास लूप इंटरचेज बनाने पर कार्यदायी संस्था को को करीब 90 करोड रुपये का अतिरिक्त व्यय करना पड़ा है। गंगा एक्सप्रेस-वे का बदायूं जिले की सीमा में तकरीबन 95 किलोमीटर हिस्सा आ रहा है। अभी तक इसका बदायूं में केवल घटपुरी के पास ही लूप इंटरचेंज था। दूसरा लूप इंटरचेंज फर्रुखाबाद जिले में था। ऐसे में बदायूं के लोगों को एक्सप्रेस-वे से सफर करने के लिए केवल घटपुरी (बिनावर) के इंटरचेंज का ही सहारा था।
दातागंज इलाके के लोगों ने ये मुद्दा उठाया तो दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से मिलकर दातागंज में लूप इंटरचेंज बनवाने की सिफारिश की। इसे अफसरों से मंत्रणा के बाद मान लिया गया। विधायक ने बताया कि दातागंज इलाके में ही पीएससी महिला बटालियन का मुख्यालय बन रहा है। एथेनॉल प्लांट भी यहां है। इलाके में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी जरूरी थी।
इस मौके पर भाजपा नेता हीरालाल कश्यप, धीरज सक्सेना, दातागंज ब्लाक प्रमुख अंकित कुमार सिंह, पालू सिंह, देवेश कुमार सिंह तोमर, दातागंज मण्डल अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, गौतरा मण्डल अध्यक्ष भावेश कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।