करंट लगने से किसान की मौत

बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव कुरऊ में खेत पर करंट लगने से किसान की मौत हो गई। परिजनों को हादसे का करीब सात घंटे बाद पता चला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
कुरऊ निवासी 65 वर्षीय जसवीर ने जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए खेत पर तरकशी करा रखी थी। रात में वह उसमें करंट छोड़ देते थे और सुबह तड़के हटा देते थे। मंगलवार रात को भी जसवीर ने तारों में करंट छोड़ दिया था।
बुधवार तड़के खेत पर पहुंचे जसवीर करंट हटाना भूल कर दूसरे कामों में लग गए। तार के पास ही पड़े पुआल के पूलों को हटाते समय उन्हें करंट लग गया। परिजन जब दोपहर दो बजे खेत पर पहुंचे तब उन्हें जसवीर की मौत होने का पता चला। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।