बदायूं में कोहरे का कोहराम, 10 फीट रह गई विजिबिलिटी, कई जगह हुए हादसे

बदायूं। नवंबर का अंतिम सप्ताह शुरू होने के बाद ठंड में इजाफा हो गया है। कोहरा भी कोहराम मचाने लगा है। मंगलवार सुबह इस कदर घना कोहरा था की 10 फीट आगे का दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे में सड़क हादसे भी हुए। इनमें तीन छात्रों समेत चार लोग घायल हो गए।
सोमवार रात से ही कोहरा छाने लगा था। मंगलवार सुबह लोग सोकर उठे तो देखा कि चारों तरफ घना कोहरा है। 10 फीट दूर का भी दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में हाईवे पर वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई।
सुबह के वक्त तो जीरो विजिबिलिटी हो गई। नतीजतन वाहन रेंगते नजर आए। ऐसे में स्कूली बच्चों को ज्यादा दिक्कत सामने आई। क्योंकि स्कूल-कालेज सुबह ही खुल जाते हैं। वहीं नौकरीपेशा लोग भी कोहरे के कारण अपने आफिस समेत अन्य प्रतिष्ठानों पर देरी से पहुंचे।

पारा भी लुढ़का, 15 डिग्री पहुंचा
सर्दी धीरे-धीरे अपना प्रभाव दिखाने लगी है। मंगलवार को पारा भी 15 डिग्री पहुंच गया। जबकि सोमवार को यह 16 डिग्री सेल्सियस था। एक डिग्री पारा गिरने से अब लोग हाफ स्वेटर पहनकर ही घरों से निकल रहे हैं। डॉक्टर भी सुबह-शाम की ठंड से बचाव का सुझाव दे रहे हैं।