बदायूं। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। युवक संभल जिले का रहने वाला था और यहां रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। हादसा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर अलापुर थाना क्षेत्र में अभियासा गांव के पास हुआ।
संभल जिले के थाना जुनावई इलाके के मंडोली गांव निवासी अवधेश (22) व ओमेंद्र (24) बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र के रिठिया गांव में अपनी रिश्तेदारी में आए थे। यहां से शाम को दोनों बाइक से वापस अपने घर संभल जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अवधेश पुत्र मुरारी की मौके पर मौत हो गई। जबकि ओमेंद्र गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस ने हादसाग्रस्त युवकों की शिनाख्त की। साथ ही परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी। परिजन भी संभल से यहां रवाना हो गए हैं। एसएचओ अलापुर धनंजय सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट में एक युवक की मौत हुई है। जबकि दूसरा घायल है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
बदायूं में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से संभल के युवक की मौत, साथी घायल
