हत्यारोपियों से मिलीभगत के आरोप में दरोगा और दो सिपाही सस्पेंड

बदायूं। एसएसपी बृजेश कुमार ने हत्यारोपियों से साठगांठ करने के आरोप में दरोगा और दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। एसएसपी ने दारोगा वीर सिंह, सिपाही शोभित और कालीचरण के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की मंडी चौकी इंचार्ज और दोनों सिपाहियो ने साजिश रचकर हत्या आरोपी सगे भाइयों को आर्म्स एक्ट में जेल भेज दिया था। आरोपी भूरे यादव और राजवीर यादव को बरेली पुलिस से एनकाउंटर होने का डर था।
बदायूं की मंडी चौकी पुलिस से साठगांठ कर दोनों आर्म्स एक्ट में जेल चले गए थे, जबकि दोनों बरेली में जन सेवा केंद्र संचालक नन्हें की बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में 27 नवंबर को हुई हत्या में नामजद थे।
हत्याकांड के आरोपी सगे भाई भूरे यादव और राजवीर यादव को बदायूं के थाना सिविल लाइंस की मंडी चौकी पुलिस ने तमंचे में जेल भेजा था। मामला खुलने पर बरेली पुलिस दोनों सगे भाइयों को रिमांड पर लेगी। मंडी पुलिस की मिलीभगत की जांच एसएसपी बदायूं ने सीओ उझानी शक्ति सिंह को सौंपी है।