दस से फ़िरौती वसूलने के बाद शक्ति कपूर था अगला नंबर !

फ़िल्म इंडस्ट्री के दस कलाकारों से फिरौती वसूलने के बाद अगला नंबर फ़िल्म स्टार शक्ति कपूर का था! जी हां, ये खुलासा कॉमेडियन सुनील पाल और अभिनेता मुश्ताक मोहम्मद खान के अपहरण केस में गिरफ्तार किए गैंग के सदस्य पूर्व सभासद रिक्की उर्फ सार्थक ने किया है। उसको पुलिस ने बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। सार्थक ने बताया उनका गिरोह मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के दस कलाकारों को फर्जी इंवेट कंपनी के नाम पर अगवा कर फिरौती वसूल चुका है।
पुलिस की मानें तो मुश्ताक खान और सुनील पाल को किडनैप कर फिरौती वसूलने के बाद अगला टार्गेट अभिनेता शक्ति कपूर थे। बुकिंग के लिए एडवांस में कपूर ने ऑनलाइन एक लाख रुपये बैंक खाते में डालने को कहा। गैंग सिर्फ 50 हजार रुपये ही डालने पर जोर दे रहा था। ये बातचीत चल ही रही थी कि सुनील पाल के अपहरणकांड का खुलासा हो गया।
बताते चलें कि 20 नवंबर को अभिनेता मुश्ताक खान और दो दिसंबर को कॉमेडियन सुनील पाल को अगवा कर बिजनौर के बदमाशों ने करीब दस लाख की ऑनलाइन फिरौती वसूली थी। अपहरणकांड के मुख्य आरोपी अर्जुन कर्णवाल, आजिम और सैफू के बाद पुलिस ने चौथे आरोपी रिक्की उर्फ सार्थक को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में फर्जी इंवेट कंपनी के कारनामों का खुलासा हुआ है।
बकौल पुलिस, मास्टरमाइंड लवी पाल उर्फ लवी चौधरी ही राहुल बनकर मुंबई के कलाकारों से बातचीत करता था। बुकिंग के नाम पर एडवांस पैसा व हवाई जहाज के टिकट भेज देता था। बिजनौर के बदमाश सुनील पाल, मुश्ताक खान, राजेश पुरी सहित दस से अधिक कलाकारों को अगवा कर फिरौती वसूली की घटना को अंजाम दे चुके हैं। अब कपूर के बाद भी दूसरे अभिनेता को अगवा करने की प्लानिंग लवी पाल ने बना रखी थी।
इस कांड में लवी पाल की स्कॉपियो और एनम्बरक अन्य कार इस्तेमाल होती थी। बिजनौर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद कर ली है। बताया जाता है कि पूर्व सभासद रिक्की उर्फ सार्थक कई दिन से दिल्ली और उत्तराखंड में घूम रहा था। आरोपी दो दिन से बुलंदशहर में ठिकाना बनाए हुआ था। शुक्रवार सुबह एसटीएफ मेरठ और बिजनौर पुलिस ने एक मकान से उसे पकड़ लिया। शक्ति कपूर के खुलासे से पुलिस भी हैरान है।